लोकप्रिय गायक से नायक बने गोलू राजा का जन्मदिन भोजपुरी फ़िल्म पृथ्वीराज के सेट पर यूनिट के सदस्यों के साथ धूमधाम से मनाया गया। विरार के पास स्थित साई वंदना फार्म्स में चल रही उनकी फिल्म की शूटिंग की समाप्ति के बाद उनके साथी कलाकार अविनाश शाही , श्रेया मिश्रा , कनिका गाबा , नंदिता दुबे आदि की मौजूदगी में उन्होंने जन्मदिन का केक काटा और जमकर मस्ती की। गोलू राजा इस फ़िल्म में ट्रक क्लीनर की भूमिका में हैं जबकि अविनाश शाही ड्राइवर बने हैं। भोजपुरी फिल्मो की नई सनसनी श्रेया मिश्रा फ़िल्म में अविनाश के अपोजिट हैं जबकि गोलू के अपोजिट हैं कनिका गाबा। सोशल मीडिया पर भी गोलू को जन्मदिन की ढेर सारी बधाई मिली है। गोलू ने अपने सभी साथी कलाकारों एवं फ़िल्म के निर्माता निर्देशक का आभार व्यक्त किया।
उल्लेखनीय है कि 6 साल की उम्र से गायिकी करने वाले गोलू राजा का आज जन्मदिन है। गायक के रूप में लोकप्रिय हुए गोलू राजा अब बन गये हैं हीरो। गायक से नायक बनने की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए स्टार गायक के रूप में संगीत प्रेमियों के दिलों पर राज कर रहे गोलू राजा अब सिनेमा के रूपहले परदे पर भी नाचते गाते एवं मारधाड़ करते हुए नज़र आने वाले हैं। वे इन दिनों मुंबई में भोजपुरी फिल्म पृथ्वी राज की शूटिंग में व्यस्त हैं। फिल्म के निर्माता शिव शंकर पांडेय व राज सिंह हैं। फिल्म के निर्देशक राज सिंह हैं। देश और समाज को जागरुक करने वाले संदेश पूर्ण भोजपुरी फिल्म पृथ्वी राज का निर्माण बहुत ही उम्दा पैमाने पर किया जा रहा है। फिल्म के मुख्य कलाकार गोलू राजा के साथ अविनाश शाही, श्रेया मिश्रा, कुनिका, अयाज खान, महेश आचार्य आदि हैं।
विदित हो कि गोलू राजा ने अब तक बहुत से हिट गाने गाये हैं। संगीतप्रेमियों के बीच लोकप्रिय गोलू राजा को उनके फैन्स सिनेमा के रूपहले परदे पर देखने को बहुत ही इच्छुक हैं। इसीलिए वे अपने चाहने वालों की उम्मीद को अमलीजामा पहना रहे हैं। उनकी यह पहली भोजपुरी फिल्म है, जिसे लेकर वे बहुत ही उत्साहित हैं।
गोलू राजा कहते हैं कि गायिकी के साथ साथ आखिर बतौर हीरो फिल्मों में काम करने का मौका मिल ही गया। इसका श्रेय मैं अपने बड़े भईया तुल्य अरुण सिंह उर्फ भोजपुरिया काका को देता हूं, जिन्होंने मुझे मुंबई में आने, रहने की व्यवस्था दी और फिल्मों में गाने व काम करने का मौका दिलवाये। अरुण भईया मेरे गॉड फादर हैं। उनके परिवार से भी बहुत स्नेह, दुलार मिलता है। भईया के सहयोग से एक के बाद एक कई फिल्मों में बतौर हीरो काम कर रहा हूँ। आप सभी श्रोता और दर्शक का प्यार आशीर्वाद हमेशा बना रहे। यही मेरी कामना है।
(रामचन्द्र यादव)